लेबर पार्टी के नेता डेविड लैमी
– फोटो : @india world discussion board 2024
विस्तार
ब्रिटेन के छाया विदेश सचिव और लेबर पार्टी के नेता डेविड लैमी ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की अपनी पार्टी की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि की। साथ ही उन्होंने नई दिल्ली और लंदन के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर भी जोर दिया। डेविड लैमी ने कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार की भी आलोचना की, जो 2010 से यूके (ब्रिटेन) की सत्ता में है। लेबर पार्टी के नेता ने कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने भारत के साथ संबंधों को लेकर वादे ज्यादा किए और काम कम किया।
इंडिया ग्लोबल फोरम में दिया संबोधन
लंदन में इंडिया ग्लोबल फोरम में बोलते हुए लैमी ने कहा, ‘हमें अपने संबंधों को फिर से शुरू करने और फिर से शुरू करने की जरूरत है क्योंकि हमारा मानना है कि कंजर्वेटिव बार-बार भारत के मामले में बहुत ज्यादा वादे करते हैं लेकिन काम कम करके दिखाते हैं। कई दिवाली बिना किसी व्यापार समझौते के गुजर गई हैं और बहुत से व्यवसाय प्रतीक्षा में रह गए हैं। मंत्री निर्मला सीतारमण और मंत्री गोयल को मेरा संदेश है कि लेबर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। आइए आखिरकार अपना मुक्त व्यापार समझौता पूरा करें, खत्म करें और आगे बढ़ें।’
चुनाव के बाद दोनों देशों में हो सकता है मुक्त व्यापार समझौता
भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय से मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत हो रही है और ब्रिटेन में चुनाव संपन्न होने के बाद इस पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। भारत-ब्रिटेन में एफटीए के लिए अब तक कुल 13 दौर की वार्ता हो चुकी है और 14वां दौर 10 जनवरी, 2024 को शुरू हुआ। दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता जनवरी 2022 में शुरू हुई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में दोनों देशों के बीच सालाना व्यापार लगभग 38.1 बिलियन पाउंड का है।
लैमी ने कहा, ‘यूनाइटेड किंगडम और भारत के बीच संबंधों को सत्ता में बैठे व्यक्ति से आगे जाकर देखना होगा, ये बेहद महत्वपूर्ण हैं। यूके-भारत रणनीतिक साझेदारी जो आर्थिक सुरक्षा, घरेलू सुरक्षा और वैश्विक सुरक्षा पर केंद्रित है।’
भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रणाली की सराहना करते हुए लेबर पार्टी के नेता ने कहा, ‘मेरा मानना है कि लगभग एक अरब मतदाताओं वाले देश भारत के लोकतांत्रिक चुनाव आज के वैश्विक समुदाय में न केवल लोकतांत्रिक आदर्श बल्कि लोकतांत्रिक व्यवहार के लिए अहम हैं।’
‘भारत एक आर्थिक महाशक्ति’
उन्होंने कहा, ‘मैं एनडीए सरकार बनाने के लिए नरेंद्र मोदी को फिर से बधाई देता हूं… अगर हमें सेवा करने का सौभाग्य मिला, तो हम उनके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं… भारत एक महाशक्ति है, 1.4 अरब लोगों की आबादी वाला, दुनिया का सबसे बड़ा देश, एक आर्थिक महाशक्ति है।’ ब्रिटेन के छाया सचिव ने भारत के साथ साझेदारी में ‘स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत’ के लिए काम करने पर भी जोर दिया। डेविड लैमी ने कहा, ‘ब्रिटेन को ग्लोबल साउथ के साथ फिर से जुड़ने की जरूरत है और इसकी शुरुआत भारत से होती है।’
<